ब्लॉग पर आपका हार्दिक स्वागत है। मेरे समर्थक (Follower) बनकर मुझसे जुड़ें। मेरी पुस्तकें ऑनलाइन खरीदें अथवा संपर्क करें। WhatsApp: 9451169407 | 8953165089 | इस ब्लॉग की समस्त रचनाओं के © सर्वाधिकार सुधीर गुप्ता ‘चक्र’ के पास सुरक्षित हैं।

गुरुवार, 18 मार्च 2010

माँ से बड़ा

0 टिप्पणियाँ
माँ
नहीं मिली मुझे
तुम्हारे लिए कोई उपमा
नहीं बांध सका कोई
तुम्हें शब्दों में
तम्हीं बताओ
यदि कोई हो
माँ से बड़ी कोई उपमा
माँ से बड़ा कोई शब्द।

माँ का आशीर्वाद

0 टिप्पणियाँ
ज्योतिषी ने कहा
दुर्घटना का योग है
घर से नहीं निकलना
फिर भी
मैं
निडर होकर निकला
विश्वास है मुझे
कुछ नहीं होगा
क्योंकि
माँ का आशीर्वाद मेरे साथ है।

आखिरी निवाला

0 टिप्पणियाँ
माँ
माँ होती है
पुत्र
पुत्र होता है
माँ के हाथ से
पहले निवाले में ही
पुत्र का पेट भर जाता है
और
माँ है कि मानती ही नहीं है
क्योंकि
उसका हर निवाला
आखिरी निवाला होता है।

अनमोल खत

0 टिप्पणियाँ
ढेरों
खतों के बीच
एक बार में ही
पहचान लेता हूँ मैं
अपना
वह अनमोल खत
क्योंकि
उस खत के अंत में
लिखा होता है
तुम्हारी माँ।

माँ की खातिर

0 टिप्पणियाँ
गरीब माँ
होंसलों के पेड़ में
धैर्य के फल पकाती है
और
भूखे बच्चों की तसल्ली के लिए
पतीले में पत्थर उबालती है
चूल्हे में जलती
लकड़ी की तरह
माँ का दिल न जले
इसलिए
समझदार बच्चे भी
माँ की खातिर
झूठ-मूठ सो जाते हैं
इस तरह
माँ और बच्चे
एक-दूसरे की खातिर
सारा जीवन गुजार देते हैं।

माँ की याद

0 टिप्पणियाँ
जब भी
मैं घर से निकलता हूँ
माँ
करती है चिन्ता
और
लाद देती है
ढेरों सामान
फिर भी न जाने
क्यों लगता है
कि
घर पर कुछ छोड़ आया हूँ
हाँ
याद आया
माँ को छोड़ आया हूँ।

वह माँ है

0 टिप्पणियाँ
मैं
अब कमाने लगा हूँ
फिर भी
वह
कुछ रूपये दे देती है मुझे
चिन्ता है उसे
वो माँ है न।